जनता दरबार में भूमि विवादों का हुआ शांतिपूर्ण निपटारा!
अंचलाधिकारी की पहल पर आपसी सहमति से छह से अधिक मामलों का समाधान, लोगों ने प्रशासन का जताया आभार
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सारण जिले के हसनपुरा और सिसवन प्रखंडों में शनिवार को आयोजित जनता दरबारों में भूमि35 विवादों को लेकर लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। दोनों स्थानों पर कुल मिलाकर नौ मामलों पर विचार हुआ, जिनमें अधिकांश का समाधान आपसी सहमति से किया गया। इन प्रयासों से न केवल ग्रामीणों को न्याय मिला, बल्कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में भी सफलता मिली।
हसनपुरा में छह भूमि विवादों पर बनी सहमति
हसनपुरा प्रखंड के एम. एच. नगर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी ने की। इस दरबार में भूमि से जुड़े छह मामलों पर सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी और उपस्थित अंचल कर्मियों ने दस्तावेजों की जांच कर दोनों पक्षों से बातचीत की और आपसी सहमति के आधार पर सभी विवादों का समाधान कराया।
स्थानीय लोगों को मिला राहत
अंचल प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। कई लोगों ने बताया कि वर्षों से लंबित जमीन संबंधी विवाद का निपटारा थाना परिसर में बिना किसी खर्च और कोर्ट-कचहरी की भागदौड़ के बिना हो गया।
अंचलाधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों में प्रशासन की सक्रियता से गांवों में शांति और सौहार्द बना रहता है। भविष्य में भी इस तरह के जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
सिसवन में भी जनता दरबार, तीन मामलों का समाधान
इसी क्रम में सिसवन प्रखंड के थाना परिसर में भी शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान सिसवन अंचलाधिकारी पंकज कुमार और थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में भूमि विवाद से जुड़े तीन मामलों की सुनवाई हुई।
दस्तावेजों के आधार पर किया गया समाधान
अंचलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में प्राप्त आवेदनों के आधार पर दोनों पक्षों को नोटिस भेजा गया था। सभी संबंधित व्यक्ति कागजातों के साथ दरबार में उपस्थित हुए। दस्तावेजों के अवलोकन के बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद का समाधान कराया गया।
थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन का यह प्रयास है कि जमीन-जायदाद से जुड़ी छोटी-छोटी बातों को लेकर लोगों में टकराव न हो, और मामलों को सुलह के माध्यम से सुलझाया जाए।
लोगों ने जताया आभार
जनता दरबार में शामिल ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में और भी ऐसे कार्यक्रम होंगे, जिससे गरीब और आमजन को न्याय सुलभ हो सकेगा।