फंस गए विधायक जी! अपने ही पार्टी के नेताओं पर कर दिया आपत्तिजनक टिप्पणी!
भागलपुर (बिहार): जदयू के विधायक गोपाल मंडल ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने भागलपुर के सांसद अजय मंडल और जदयू के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलो मंडल के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया। गोपाल मंडल ने अजय मंडल को "काला नाग" कहकर उनकी त्वचा के रंग पर तंज कसा, वहीं बुलो मंडल को "कमीना" कहकर उनके खिलाफ भी अपशब्द बोले।
यह बयान उस वक्त आया जब बिहपुर विधानसभा के एनडीए कार्यालय में जदयू नेताओं की बैठक चल रही थी। गोपाल मंडल ने मंच पर माइक लेकर अपने ही दो बड़े नेताओं पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने बुलो मंडल के बारे में कहा कि उन्हें गोली मारी गई थी, और वह उनके दुश्मन को मरवाकर उसे एनकाउंटर का नाम देने का दावा भी करते दिखे। उन्होंने आगे कहा कि बुलो मंडल के जदयू में आने के बाद भी वे उन्हें पसंद नहीं करते।
गोपाल मंडल ने अजय मंडल पर भी कई आरोप लगाए, जिसमें उन्होंने कहा कि अजय मंडल के पास बहुत संसाधन हैं और वे विभिन्न स्रोतों से पैसे वसूलते हैं। इसके साथ ही, गोपाल मंडल ने बिहार के थानाध्यक्षों पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए, यह दावा करते हुए कि बिना रिश्वत लिए थानाध्यक्ष कोई काम नहीं करते।
गोपाल मंडल के इस बयान ने पार्टी के अंदर विवाद को और बढ़ा दिया है और इससे पार्टी की छवि पर भी असर पड़ सकता है।