सोनपुर मेले में खाद्य कारोबारियों को दिया गया FOSTAC प्रशिक्षण, सुरक्षित भोजन और स्वच्छता पर जोर
खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, प्रसंस्करण और साफ-सफाई के बताए गए मानक; मोटापा, बीपी और मधुमेह से बचाव के लिए भी किया गया जागरूक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को खाद्य कारोबारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सोनपुर मेला शिविर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मेला क्षेत्र के स्टॉल संचालकों, खाद्य विक्रेताओं, वेंडरों तथा होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को FOSTAC (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, प्रसंस्करण, भोजन तैयार करने की सही प्रक्रिया और खाद्य स्वच्छता के निर्धारित मानकों की जानकारी दी गई।
मेसर्स THI WAS International Pvt. Ltd. की ओर से भेजे गए प्रशिक्षक डॉ. आरके सिंह एवं राजन ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। इस अवसर पर सारण प्रमंडल के अभिहित अधिकारी नारायण राम और खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षकों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ पानी का उपयोग, खाद्य सामग्री का उचित भंडारण और भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बेहद जरूरी है। खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने के साथ ही सामग्री तैयार करने से लेकर ग्राहकों को परोसने तक निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मोटापा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इसके लिए जागरूकता संबंधी स्टैंडी और बैनर लगाए गए तथा स्वस्थ खानपान एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित खाद्य कारोबारियों को सोनपुर मेला क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की शपथ दिलाई गई।
अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे मेले की पूरी अवधि में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का गंभीरता से पालन करें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित भोजन मिल सके।

