अब शिक्षक 5 से 7:30 बजे तक लेंगे स्कूलों में क्लास, सारण में संकल्प संध्या का शुभारंभ
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की अभिनव पहल, सारण में संकल्प संध्या का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिला प्रशासन, सारण एवं बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन के लिए संकल्प संध्या यानी इवनिंग रेमेडियल क्लासेज की शुरुआत की गई। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंगलवार को जिला स्कूल, सारण (छपरा) में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर इस विशेष शैक्षणिक पहल का शुभारंभ किया।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
इस पहल के तहत कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत ये कक्षाएं 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक चलेंगी। विद्यार्थियों के हित में पूरी व्यवस्था निःशुल्क रखी गई है।
गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और एआई की होगी पढ़ाई
संकल्प संध्या में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ होमवर्क पूरा कराने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अनुभवी अधिकारी भी करेंगे अध्यापन
इन विशेष कक्षाओं में सरकारी शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस एवं अन्य अनुभवी अधिकारी स्वैच्छिक रूप से विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। पठन-पाठन को अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड और आधुनिक डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।
आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर मार्गदर्शन
उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे मुख्यधारा की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

