जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर 8 हजार रुपये रिश्वत लेते निजी दलाल गिरफ्तार
मोतिहारी के छतौनी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार और उसके कथित दलाल श्याम कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप
पटना, 20 नवंबर 2026
बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में एक निजी दलाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया मोहल्ला, वार्ड संख्या 11 निवासी श्याम कुमार के रूप में हुई है। निगरानी टीम ने 19 नवंबर को उसे आर्य समाज मंदिर, छतौनी के समीप सड़क किनारे से गिरफ्तार किया।
जमीन के परिमार्जन और दाखिल-खारिज के लिए मांगी गई थी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के धबधबवा गांव निवासी रूपेश शर्मा ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार और उनके निजी दलाल श्याम कुमार द्वारा जमीन का परिमार्जन एवं दाखिल-खारिज कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलने पर निगरानी थाना कांड संख्या 134/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
धावादल ने बिछाया जाल, दलाल गिरफ्तार
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक मो. इरशाद के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक रणजीत कुमार निराला के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए श्याम कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
2026 में अब तक 121 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अब तक 134 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त एक मामला दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर आया है। इस प्रकार ब्यूरो कुल 135 मामलों का अनुसंधान कर रहा है।
यह वर्ष 2026 का 122वां ट्रैप कांड है। ब्यूरो के अनुसार, अब तक कुल 121 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में रिश्वत के रूप में कुल 45 लाख 68 हजार 400 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई है।
वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे। उस दौरान 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई थी। साथ ही 19,800 रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई थी।

