मांझी के अटल घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की कवायद तेज, बुडको की टीम ने किया सर्वे
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद घाट विस्तार की दिशा में पहल, पूरब में 220 और पश्चिम में 40 मीटर तक होगा विस्तार; पार्किंग, लाइटिंग, चेंजिंग रूम और शौचालय की भी मिलेगी सुविधा
सारण (बिहार): मांझी के रामघाट स्थित अटल घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को बुडको की टीम ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में घाट का सर्वे कर भूमि की मापी की। प्रस्तावित योजना के तहत अटल घाट का विस्तार मांझी रेल पुल से जयप्रभा सेतु तक किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही घाट की चहारदीवारी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते 12 नवंबर को अटल घाट के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मांझी रेल पुल से जयप्रभा सेतु तक घाट के विस्तार की घोषणा की थी। इसके अगले दिन 13 नवंबर को सांसद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर अटल घाट के विस्तार को लेकर मांग पत्र सौंपा था। इसके बाद शुक्रवार को बुडको के कार्यपालक अभियंता अभय पांडेय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घाट का निरीक्षण किया और प्रस्तावित क्षेत्र की मापी की।
मापी के अनुसार, अटल घाट से पूरब की ओर बहोरन सिंह के टोला छठ घाट होते हुए जयप्रभा सेतु तक करीब 220 मीटर तथा पश्चिम की ओर रामघाट से रेल पुल तक करीब 40 मीटर घाट का विस्तार प्रस्तावित है। इसके अलावा घाट की चहारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव भी वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा।
पक्का घाट के साथ होगा सौंदर्यीकरण
बुडको के कार्यपालक अभियंता अभय पांडेय ने बताया कि पक्का घाट निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए समुचित पार्किंग, लाइटिंग, चेंजिंग रूम, शौचालय और शेड की व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि सरयू नदी में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ और पानी के निचले स्तर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए घाट का निर्माण कराया जाएगा।
15 दिनों में रिपोर्ट, फिर शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
अभय पांडेय के अनुसार, सर्वे और मापी के बाद टीम 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंप देगी। रिपोर्ट पर स्वीकृति के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घाट तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए जयप्रभा सेतु के ओवरब्रिज से एक अतिरिक्त सड़क बनाने का प्रस्ताव है।
दो मंदिरों की चहारदीवारी और प्रवेश द्वार बनाने की भी योजना
मौके पर मौजूद भाजपा नेता प्रमोद सीग्रीवाल ने बताया कि आने वाले दिनों में हनुमानगढ़ी मंदिर और मौनिया बाबा मंदिर की चहारदीवारी भी कराई जाएगी। साथ ही दोनों मंदिरों के बीच स्थित सड़क पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा।
सर्वे के दौरान संत रामदास उदासीन, संत रामसेवक दास, भाजपा पश्चिमी के जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, मनोज प्रसाद, अमित कुमार सिंह, अंकित सिंह राणा और रंजन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
#ManjhiNews #AtalGhat #SaranNews #RiverFrontDevelopment #BUDCO #SamratChaudhary #JayaprabhaSetu #BiharNews #JagdDarshanNews

