पटना में नगर विकास विभाग का प्रशाखा पदाधिकारी 4 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
सेवाकाल में कटौती की गई राशि और आदेश पत्र जारी करने के एवज में मांगी थी रिश्वत, निगरानी ब्यूरो की टीम ने कार्यालय कक्ष से दबोचा; 2026 में अब तक 125 ट्रैप कांडों में गिरफ्तारी
पटना, 27 नवंबर 2026:
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को 4,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी विकास भवन स्थित नया सचिवालय में उनके कार्यालय कक्ष से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी केपीएमसी मुंशी ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन सेवाकाल में कटौती की गई राशि और अन्य आदेश पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने का आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 138/26, दिनांक 26 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के अनुरोध पर उनके नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
धावादल ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए राजीव रंजन को 4,000 रुपये रिश्वत लेते उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारी के पिता का नाम स्वर्गीय अशोक कुमार बताया गया है। वे मूल रूप से सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के बेलोखरा गांव के निवासी हैं।
पूछताछ के बाद अभियुक्त को निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
2026 में अब तक 125 ट्रैप कांडों में गिरफ्तारी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक 138 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा एक मामला जिले से स्थानांतरित होकर ब्यूरो के पास आया है। इस तरह कुल 139 मामलों का अनुसंधान किया जा रहा है।
राजीव रंजन की गिरफ्तारी इस वर्ष का 125वां ट्रैप कांड है। इन मामलों में अब तक कुल 125 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो के अनुसार, अब तक कुल 46 लाख 94 हजार 900 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई है।
वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे। उस दौरान 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद हुई थी तथा 19,800 रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई थी।

