बाल विवाह के खिलाफ सारण में जागरूकता अभियान, छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी
कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ, बनियापुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ; 2030 तक उन्मूलन का संकल्प
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सारण जिले में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय प्रथम की छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। वहीं, बनियापुर स्थित समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया।
प्रभात फेरी निकाल छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेश
कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय प्रथम की छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान बाल विवाह बंद करो, बेटी को पढ़ने दो और हम बाल विवाह नहीं करेंगे, न करने देंगे जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें छात्राओं, शिक्षिकाओं और वार्डन ने बाल विवाह नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज में भी इसे रोकने का संकल्प लिया। साथ ही बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की शपथ ली।
बनियापुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत
दूसरी ओर, बनियापुर स्थित समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और संबंधित पदाधिकारियों के साथ बाल विवाह उन्मूलन विषय पर संगोष्ठी हुई। इसमें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में बताया गया। इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर शपथ लेने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
2030 तक बाल विवाह उन्मूलन का लक्ष्य
इस अवसर पर जिला समन्वयक निभा कुमारी ने कहा कि बाल विवाह बच्चियों के बचपन, स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करता है। 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कानूनन प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि बनियापुर से बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित छात्राओं, शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और पदाधिकारियों ने बाल विवाह मुक्त सारण और बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प दोहराया।

