गोबरही टोला में किसान के खेत में लगी आग, छह कठा में लगी धान की फसल जलकर राख
अज्ञात लोगों पर आग लगाने का आरोप, पीड़ित किसान ने दाउदपुर थानाध्यक्ष को दी सूचना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही पंचायत अंतर्गत गोबरही टोला गांव में एक किसान के खेत में आग लगने से धान की फसल जलकर बर्बाद हो गई। घटना में किसान को हजारों रुपये की क्षति होने की बात बताई जा रही है। पीड़ित किसान ने अज्ञात लोगों पर खेत में आग लगाने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान संतोष कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह के खेत में करीब छह कठा में धान की फसल लगी थी। आग लगने से पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित किसान ने इस घटना की जानकारी दूरभाष के माध्यम से दाउदपुर थानाध्यक्ष को दी है। घटना के बाद मौके पर धनंजय सिंह, राम बाबू सिंह, उमेश सिंह उर्फ भूअर सिंह, अशोक सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

