छठ पर घर लौटे प्रवासियों के लिए दाउदपुर पंचायत भवन में लगा विशेष फाइलेरिया शिविर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छठ महापर्व पर दूसरे प्रदेशों से घर लौटे प्रवासी लोग फाइलेरिया रोधी दवा खाने से वंचित न रहें, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दाउदपुर पंचायत भवन में तीन दिवसीय विशेष शिविर लगाया गया है। शिविर का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य सुशील महतो ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार सिंह ने लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई और बीमारी के लक्षणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। लंबे समय तक संक्रमण रहने पर हाथ-पैर में असामान्य सूजन हो सकती है।
उन्होंने लोगों को निर्धारित खुराक के अनुसार दवा का सेवन करने, घरों के आसपास जलजमाव नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी। चिकित्सक ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंचायत के अलग-अलग स्थानों पर भी शिविर लगाए जाएंगे, ताकि सभी पात्र लोगों तक फाइलेरिया रोधी दवा पहुंचाई जा सके। मौके पर आशा फैसिलिटेटर ऊषा देवी, सेविका उर्मिला देवी, बबीता देवी और सुधीर शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

