मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सोनपुर मेला क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारी तेज
डीएम और एसएसपी ने हरिहरनाथ मंदिर, मुख्य कार्यक्रम स्थल और जेपी सेतु चेकपोस्ट तक किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश:
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 के शुभारंभ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। क्योंकि मेले के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से सोनपुर मेला क्षेत्र से लेकर मुख्यमंत्री के संभावित यात्रा मार्ग तक का निरीक्षण किया है। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विभिन्न प्रशासनिक शिविरों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया है।
निरीक्षण की शुरुआत दोनों अधिकारियों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा- अर्चना करने के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर की। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री की संभावित उपस्थिति को लेकर की जा रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रस्तावित हैंगर, मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासनिक शिविरों की व्यवस्था का भी लिया जायजा:
दोनों वरीय अधिकारियों ने मेला परिसर में स्थापित किए जा रहे विभिन्न प्रशासनिक शिविरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय समन्वय, प्रशासनिक तैयारियों, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रशासनिक शिविर सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हों। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। डीएम ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर हैंगर एवं मंच निर्माण को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और तैयारियों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो।
जेपी सेतु चेक पोस्ट तक संभावित यात्रा मार्ग का निरीक्षण:
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक जेपी सेतु चेकपोस्ट पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग में आवश्यक प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संभावित वीवीआईपी दौरे को देखते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्ग पर यातायात का सुचारु संचालन बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।
समन्वय के साथ तैयारी पूरी करने का निर्देश:
निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा और सोनपुर मेला के शुभारंभ को लेकर सभी तैयारियां गंभीरता एवं तत्परता से पूरी की जाएं। सुरक्षा, यातायात, मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा समन्वय की कमी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन का जोर सोनपुर मेला-2026 के शुभारंभ को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को चाक- चौबंद रखने पर है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है।

