मुस्कान लौटाने की मुहिम ने पार किया लक्ष्य, 294 बच्चों की हुई सफल सर्जरी
✍️ धर्मेंद्र रस्तोगी
पटना (बिहार) 17 नवंबर 2026
जन्मजात शारीरिक विकृतियों के कारण परेशान बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने और उन्हें सामान्य जीवन की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाया गया विशेष शल्य चिकित्सा अभियान सफल रहा है। दो अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान में निर्धारित लक्ष्य से अधिक बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन किया गया। अभियान के तहत 250 बच्चों की सर्जरी का लक्ष्य रखा गया था, जबकि इस अवधि में कुल 294 बच्चों का सफल ऑपरेशन हुआ।
14 नवंबर तक उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान कटे होंठ (क्लैफ्ट लिप) के 142, कटे तालू (क्लैफ्ट पैलेट) के 67, कटे होंठ एवं तालू दोनों की समस्या के 26 तथा जीभ की निचली झिल्ली से जुड़ी समस्या (टंग-टाई) के 59 ऑपरेशन किए गए। इस तरह निर्धारित लक्ष्य से 44 अधिक बच्चों को निःशुल्क शल्य चिकित्सा की सुविधा मिली।
राज्य के 12 चिकित्सा संस्थानों में हुई सर्जरी
इस विशेष अभियान के तहत बिहार के 12 चिकित्सा संस्थानों को शामिल किया गया था। इनमें पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच), नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पटना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर, अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया, श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल मुजफ्फरपुर, प्रशांत मेमोरियल चैरिटेबल हॉस्पिटल मुजफ्फरपुर, मेडिवर्सल मातृ हॉस्पिटल पटना, कुर्जी होली फैमिली हॉस्पिटल पटना और डंकन हॉस्पिटल रक्सौल शामिल हैं।
आरबीएसके के माध्यम से होती है जन्मजात विकृतियों की पहचान
यह अभियान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच की जाती है।
जांच के दौरान बच्चों में जन्मजात दोष, बचपन से जुड़ी बीमारियां, पोषक तत्वों की कमी, विकासात्मक देरी और दिव्यांगता से संबंधित समस्याओं की पहचान की जाती है। आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में 102 एम्बुलेंस के माध्यम से रेफर किया जाता है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कटे होंठ, कटे तालू या टंग-टाई जैसी जन्मजात समस्याओं से पीड़ित किसी भी बच्चे को आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहना पड़े। समय पर पहचान और निःशुल्क सर्जरी के माध्यम से ऐसे बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सामान्य जीवन का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

