प्रेमिका से शादी की जिद में गले में फंदा डाल 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ा युवक, छह घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया
तरवार गांव में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई के बाद भेजा जेल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के तरवार गांव में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा एक युवक गले में फंदा डालकर 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक करीब छह घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, तरवार गांव निवासी सुधीर सिंह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। इसी जिद में वह हाथ में रस्सी का फंदा लेकर 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर वह नीचे कूदने या फांसी लगाने की धमकी देने लगा। युवक को इस हालत में देखकर ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को मिली सफलता
घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। करीब छह घंटे तक चले प्रयास और मशक्कत के बाद पुलिस ने सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
हिरासत में लेकर भेजा गया जेल
टावर से नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। घटना के दौरान किसी अनहोनी की आशंका को लेकर ग्रामीणों में काफी चिंता बनी रही।

