बनारस स्टेशन पर गेमिंग जोन का शुभारंभ, ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान बच्चे उठा सकेंगे मनोरंजन का आनंद
प्लेटफॉर्म संख्या 8 के सर्कुलेटिंग एरिया में शुरू हुई सुविधा, यात्रियों के लिए खानपान की भी रहेगी व्यवस्था
/// जगत दर्शन न्यूज
वाराणसी, 25 नवंबर 2026
पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में बनारस स्टेशन पर बच्चों के मनोरंजन और यात्रियों की सुविधा के लिए गेमिंग जोन कम पैसेंजर एंटरटेनमेंट सेंटर का शुभारंभ किया गया।
बुधवार को स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 8 के सर्कुलेटिंग एरिया में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने फीता काटकर इस सुविधा का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों के साथ गेमिंग जोन का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध मनोरंजन और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
5 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए आकर्षक सुविधाएं
गेमिंग जोन में 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों के मनोरंजन के लिए एयरोप्लेन झूला, ट्रेन राइड, मिकी माउस और ट्रैम्पोलिन जंपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान बच्चों को स्टेशन परिसर में ही मनोरंजन का अवसर मिलेगा और उनका समय आनंदपूर्वक बीतेगा।
यात्रियों को चाय-कॉफी से लेकर आइसक्रीम तक मिलेगी
गेमिंग जोन में यात्रियों के लिए खानपान की व्यवस्था भी की गई है। यहां चाय, कॉफी, ढोकला, ब्रेड-मक्खन, रेलनीर और रेलवे द्वारा अनुमोदित बोतलबंद पेयजल उपलब्ध होगा। इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, छाछ, चिप्स, नमकीन, बिस्किट और आइसक्रीम जैसी चीजें भी मिलेंगी।
इस सुविधा के शुरू होने से बनारस स्टेशन पर आने वाले यात्रियों, विशेषकर बच्चों और उनके परिवारों को एक ही परिसर में मनोरंजन और खानपान की सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.जे. चौधुरी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि रेलवे का प्रयास है कि स्टेशनों पर आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराकर यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुखद और यादगार बनाया जाए।
#BanarasStation #VaranasiNews #NorthEasternRailway #RailwayNews #GamingZone #PassengerFacilities #IndianRailways #UPNews
