छठ से पहले राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण की पहल तेज, विधायक छोटी कुमारी ने दिए निर्देश
क्षतिग्रस्त पैदल पथ और स्लोप की मरम्मत के साथ मंदिर तक सड़क व प्रवेश द्वार बनाने पर जोर, विधानसभा में भी उठ चुका है विकास का मुद्दा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: आगामी छठ महापर्व को देखते हुए छपरा शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण और मरम्मत की पहल तेज हो गई है। छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने नगर आयुक्त के साथ सरोवर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
राजेंद्र सरोवर के विकास और मरम्मत का मुद्दा बिहार विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। इसी क्रम में विधायक ने नगर आयुक्त के साथ स्थल का निरीक्षण कर छठ महापर्व से पहले जरूरी सुधार कार्यों को पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
क्षतिग्रस्त पैदल पथ और स्लोप की होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सरोवर परिसर के क्षतिग्रस्त पैदल पथ की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही पश्चिम दिशा में पीपल के पेड़ के समीप प्रवेश द्वार बनाने, पोखरा के अंदर गोलंबर से मंदिर तक लगभग 30 मीटर सड़क का निर्माण कराने और क्षतिग्रस्त स्लोप का पुनर्निर्माण कराने पर जोर दिया।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि इन कार्यों के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। परिसर की साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि छठ व्रतियों को भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
शहर की ऐतिहासिक धरोहर है राजेंद्र सरोवर
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि राजेंद्र सरोवर छपरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र सरोवर का विकास और सौंदर्यीकरण केवल छठ महापर्व की तैयारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम सभी जरूरी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की दिशा में कार्रवाई करेगा, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

