खाटू श्याम मंदिर परिसर में प्रथम मीडिया सम्मान समारोह, पत्रकारों को किया सम्मानित
फरवरी 2027 में होगा मंदिर का उद्घाटन, आयोजन में मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही पंचायत अंतर्गत सरयूपार में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर परिसर में प्रथम मीडिया सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड प्रमुख कमला देवी के प्रतिनिधि राजेश कुमार प्रसाद के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान मीडिया बंधुओं एवं ग्रामीणों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजेश कुमार प्रसाद ने बताया कि निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर का उद्घाटन फरवरी 2027 में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल मंदिर का निर्माण कार्य जारी है और अर्धनिर्मित मंदिर के निर्माण में ग्रामीणों एवं क्षेत्र के लोगों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने मंदिर को सारण प्रमंडल के लिए एक विशेष धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोबरही पंचायत के पूर्व मुखिया देवेंद्र सिंह ने कहा कि खाटू श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सरयूपार में बनने वाला खाटू श्याम मंदिर शिव शक्ति धाम की तर्ज पर एक अनोखा धार्मिक स्थल होगा।
पत्रकार सोहैल अहमद ने अपने संबोधन में खाटू श्याम मंदिर के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मंदिर के निर्माण के बाद केवल बिहार ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालुओं के सरयूपार पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने क्षेत्र एवं जिले के लोगों से मंदिर निर्माण में सहयोग करने तथा अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग राशि देने की अपील की।
समारोह में पूर्व पैक्स अध्यक्ष राम नारायण सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, कृष्णा सिंह, धनंजय सिंह, स्वामीनाथ सिंह, ददन प्रसाद एवं पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#KhatuShyamMandir #KhatuShyam #Saryupar #ManjhiNews #GobariPanchayat #SaranNews #ChhapraNews #BiharNews #KhatuShyamTemple #MediaHonor #MediaSamman #TempleConstruction #ReligiousPlace #Saran #Chhapra #BiharTemple #Manjhi #LocalNews #BiharUpdates #LatestNews

