दहा नदी का बांध टूटा, इमादपुर बीनटोलिया में घरों में घुसा पानी
जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत, आवागमन बाधित; प्रशासन से तत्काल राहत की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के चेफूल पंचायत अंतर्गत इमादपुर बीनटोलिया गांव के समीप दहा नदी का बांध टूटने से बाढ़ का पानी रिहायशी इलाके में प्रवेश कर गया है। घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। संभावित अनहोनी को लेकर लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बांध टूटने के बाद पानी तेजी से गांव की ओर बढ़ रहा है। आसपास की सड़कों पर भी पानी चढ़ जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है।
प्रशासन के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप
वर्तमान पैक्स अध्यक्ष संत सिंह ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी के बावजूद अभी तक अंचलाधिकारी रोहित अग्रवाल के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
उन्होंने सारण के जिला समाहर्ता से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावित लोगों के लिए समुचित राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
चारों ओर पानी, आवागमन हुआ बाधित
विसूत्री के प्रखंड अध्यक्ष जय प्रकाश महतो ने बताया कि बीनटोलिया गांव के आसपास की सड़कों पर पानी चढ़ गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की कथित मिलीभगत के कारण समय रहते बांध पर आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत की व्यवस्था नहीं की गई।
पुराने पुल पर भी चढ़ा पानी
ग्रामीणों के अनुसार, ताजपुर-दहा नदी के पुराने पुल पर भी पानी चढ़ गया है, जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल बगल वाले पुल पर प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाया जा सके।
घटना के दौरान दर्जनों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन से जल्द से जल्द राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की।
अपडेट:
खबर पाकर सुबह 8 बजे एकमा के आरक्षी अधीक्षक प्रेमचंद सिंह व अन्य पुलिस पदाधिकारी पहुंचे। जायजा लेकर जल्द राहत कार्य का दिया आश्वासन।

