पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं छपरा व्यवहार न्यायालय के वर्तमान निरीक्षी न्यायाधीश (इंस्पेक्टिंग जज) न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने शनिवार की शाम हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
पूजा-अर्चना के उपरांत न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की स्वच्छता, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा सुव्यवस्थित संचालन की सराहना करते हुए इसे उत्कृष्ट बताया। उन्होंने मंदिर प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रबंधन की प्रशंसा की। न्यायमूर्ति का यह दौरा मंदिर एवं पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग, व्यवहार न्यायालय सोनपुर के सब जज-1 अनुराग मिश्रा तथा अधिवक्ता आलोक चंद्रा भी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा हरिहरनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर न्यास समिति की ओर से सचिव विजय कुमार सिंह 'लल्ला' ने न्यायमूर्ति संदीप कुमार का पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चंद्र भूषण तिवारी, मंदिर के पुजारियों एवं कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना और आगवानी की सभी व्यवस्थाएं संभालीं।
न्यायमूर्ति संदीप कुमार के मंदिर आगमन को श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ की महिमा एवं मंदिर की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिर परिसर में उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति एवं आस्था की विशेष छटा देखने को मिली।
Justice Sandeep Kumar, Patna High Court, Baba Hariharnath Temple, Sonpur News, Saran News, Harihar Kshetra Sonpur, High Court Judge Visit, Bihar Religious News, Hariharnath Mandir, Chapra News

