एसएसबी जवान सोनू को अंतिम विदाई देते छलक पड़ीं हर आंखें, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
20 दिनों की छुट्टी लेकर छठ पर परिवार के बीच आए थे अमरेंद्र सिंह, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी; पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पिठौरी में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के पिठौरी गांव में शनिवार को उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब एसएसबी जवान अमरेंद्र सिंह उर्फ सोनू का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। अपने वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ गम और सन्नाटा पसरा था। पार्थिव शरीर को देखते ही पत्नी और तीन मासूम बच्चों की चीत्कार से पूरा गांव दहल उठा। नम आंखों के बीच लोगों ने अपने गांव के लाल को अंतिम विदाई दी।
छठ की छुट्टी में घर आए थे जवान
बताया जाता है कि अमरेंद्र सिंह छठ पूजा के अवसर पर 20 दिनों की छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार के साथ पर्व मनाने और अपनों के बीच कुछ समय बिताने की उनकी इच्छा थी। इसी दौरान वे अपने एक संबंधी के यहां सीवान गए थे। वहां से वापस लौटने के क्रम में सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के भीखाबांध के समीप सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ दिन पहले छठ पर्व की खुशियां थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया।
पत्नी और बच्चों की चीत्कार से हर आंख हुई नम
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पत्नी और दो बेटियों तथा एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पत्नी की करुण चीत्कार और बच्चों की बेबसी ने हर किसी को झकझोर दिया। इस हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोगों ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने कहा कि अमरेंद्र सिंह देश की सेवा के लिए समर्पित थे। उनका असमय निधन परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। जिस जवान ने देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई, उसके असमय चले जाने से गांव में शोक की लहर है। अंततः नम आंखों और भारी मन से पिठौरी गांव ने अपने लाल को अंतिम विदाई दी।

