बाबा मेहंदार मंदिर के विकास की कवायद तेज, सीओ ने किया स्थल निरीक्षण; सरकारी जमीन की नापी शुरू
समेकित विकास और पुनर्विकास के लिए भूमि सीमांकन की प्रक्रिया शुरू, अतिक्रमण भी होगा चिह्नित; पेयजल, शौचालय, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था की उम्मीद
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत स्थित प्रसिद्ध बाबा मेहंदार मंदिर के समेकित विकास एवं पुनर्विकास की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गई है। मंदिर को बेहतर और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की योजना के तहत अंचल अधिकारी उदयन सिंह ने मंदिर परिसर और आसपास की भूमि का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही विकास कार्यों के लिए आवश्यक भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, तालाब, धर्मशाला के प्रस्तावित स्थल और मंदिर से सटी सरकारी भूमि का बारीकी से जायजा लिया। भूमि की नापी और सीमांकन के लिए अंचल कार्यालय की ओर से विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम सरकारी जमीन की पहचान करने के साथ ही उस पर हुए अतिक्रमण को भी चिह्नित करेगी। सर्वेक्षण कार्य को तकनीकी रूप से सटीक बनाने के लिए विशेष सर्वेक्षण कार्यालय का भी सहयोग लिया जा रहा है।
मंदिर विकास से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बाबा मेहंदार मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। विशेष रूप से सावन, महाशिवरात्रि और अन्य पर्व-त्योहारों के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर का समेकित विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के विकास की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब प्रशासन की ओर से भूमि की नापी शुरू कराए जाने से लोगों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में शुद्ध पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और संपर्क सड़क की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
नापी के बाद वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट
अंचल अधिकारी उदयन सिंह ने बताया कि मंदिर के समेकित विकास की दिशा में भूमि का सीमांकन पहला महत्वपूर्ण चरण है। नापी पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगे विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भूमि सीमांकन की प्रक्रिया शुरू होने से रामगढ़ सहित आसपास के गांवों के लोगों में खुशी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक पहल के बाद बाबा मेहंदार मंदिर का जल्द ही भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप सामने आएगा।

