जई छपरा बाजार में ऐतिहासिक महावीरी मेले का भव्य उद्घाटन, मन्नू सिंह ने की पूजा-अर्चना
एकमा विधायक धूमल सिंह के पुत्र एवं युवा समाजसेवी संदीप सिंह उर्फ मन्नू सिंह ने किया उद्घाटन, मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के जई छपरा बाजार में आयोजित ऐतिहासिक महावीरी मेले का विधिवत उद्घाटन धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर एकमा के विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के पुत्र एवं युवा समाजसेवी संदीप सिंह उर्फ मन्नू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर मेला समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
मुख्य अतिथि संदीप सिंह उर्फ मन्नू सिंह ने सबसे पहले बजरंगबली की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और महावीर पूजा में शामिल होकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान पूरा परिसर जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय बना रहा।
संस्कृति और आस्था का प्रतीक है महावीरी मेला
उद्घाटन के बाद मन्नू सिंह ने कहा कि महावीरी मेला हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से मेले को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही मेला समिति की ओर से किए गए आयोजन की सराहना की।
अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित
मेले में पहुंचे मुख्य अतिथि को मेला समिति के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जदयू नेता जयप्रकाश महतो, मेला समिति के अध्यक्ष सोनू कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रजत कुमार श्रीवास्तव, सचिव धर्म यादव, सुरेश पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।
महावीरी मेले के आयोजन से जई छपरा बाजार में उत्सवी माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और बजरंगबली के जयकारों के बीच मेले का आनंद लिया।

