आठवें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में पेंशनर्स को शामिल करे केंद्र सरकार: पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन
छपरा शाखा की मासिक बैठक में पेंशन रिवीजन, उम्र के अनुसार पेंशन में वृद्धि और महंगाई राहत की शीघ्र घोषणा की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की छपरा शाखा की मासिक बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पराशर कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर में आयोजित की गई। सुबह 10 बजे शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में केंद्र सरकार से आठवें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (टीओआर) में पेंशनर्स को शामिल करने और उनके पेंशन रिवीजन का निर्देश देने की मांग की गई।
अध्यक्षीय संबोधन में विश्व मोहन सिंह ने उपस्थित पेंशनर्स साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत सरकार को लिखित अधिसूचना जारी कर आठवें वेतन आयोग के टीओआर में पेंशनर्स शब्द शामिल करना चाहिए। साथ ही आयोग को पेंशनर्स की पेंशन में संशोधन के लिए भी निर्देशित किया जाना चाहिए। उन्होंने भारत पेंशनर्स समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने संसदीय समिति की अनुशंसा के अनुसार 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर पेंशन में क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत वृद्धि लागू करने की मांग की। इसके साथ ही महंगाई राहत और अंतरिम राहत की घोषणा में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से जल्द घोषणा करने का आग्रह किया।
शाखा मंत्री मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि छपरा शाखा के किसी भी सदस्य का ग्रेच्युटी भुगतान लंबित नहीं है और ऐसे मामलों की संख्या शून्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सदस्य को कोई समस्या है, तो वह शाखा को जानकारी दें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स को रेलवे से संबद्ध किसी भी अस्पताल में बिना रेफरल के 10 हजार रुपये तक का इलाज कराने की सुविधा है।
बैठक में भारत पेंशनर्स समाज की वार्षिक आमसभा (एजीएम) आगामी 6 दिसंबर को सियालदह में आयोजित होने की जानकारी दी गई। इसमें शामिल होने के इच्छुक सदस्यों से 500 रुपये प्रतिनिधि शुल्क जमा कर रसीद प्राप्त करने और ट्रेन में आरक्षण कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान अक्टूबर माह में जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को सुरेंद्र सिंह ने जन्मदिन कार्ड और मिठाई देकर सम्मानित किया। वहीं, पेंशनर्स हरि यादव के निधन पर मुंद्रीका प्रसाद ने शोक व्यक्त किया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विनोद कुमार ने कविता की पंक्तियां प्रस्तुत कर पेंशनर्स की एकता पर बल दिया और सरकार से सभी लंबित मांगों को पूरा करने की अपील की। बैठक को रामानंद महतो, विनोद कुमार, विभय श्रीवास्तव और पी.के. मांझी सहित अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया। अंत में शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

