बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया गया जनजाति गौरव दिवस!
भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर विशेष ग्राम सभा सह अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न:
सिवान (बिहार): पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस मनाया गया। साथ ही ग्राम पंचायतो में विशेष रूप से ग्राम सभा का आयोजन कर संविधान के प्रस्तावना, अनुसूचित क्षेत्रों के सतत विकाश विस्तार के तहत GPDP एवम PDI पर उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण के दौरान विस्तार पूर्वक चर्चा कर बताया गया कि ग्राम पंचायत में सभी 9 थीम पर कार्य के तहत लोगों की परंपराओं और रीति रिवाज तथा उनके सांस्कृतिक पहचान सामुदायिक संसाधनों और विवादों के परंपरागत समाधान के तरीके की सुरक्षा और संरक्षण करने का अधिकार तथा ग्रामसभा गांव के प्राथमिक स्तर पर निर्णय लेने के लिए सक्षम हैं।
आकांक्षी प्रखंड में एक सप्ताह तक पीरामल स्वास्थ्य के सहयोग से चलाया गया जागरूकता अभियान: डीपीआरसी
जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरसी) शैलेश कुमार चौधरी ने बताया कि पंचायती राज विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने राज्य के अररिया, औरंगाबाद, बांका, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, गया, गोपालगंज, जमुई, कैमूर, कटिहार, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नवादा, पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, पूर्णिया, रोहतास, सिवान, सुपौल एवं वैशाली जिले के जिलाधिकारियों को पत्र लिख कर विगत 15 नवंबर को बिरसा मुंडा के 150 वीं जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा आयोजित करने को कहा था। क्योंकि आदिवासी एवं महान नेता बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष घोषित किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा देश के सभी जिला, प्रखंड एवं ग्राम पंचायतों में विशेष रूप से कार्यक्रम कराने का प्रस्ताव दिया गया था। जिसके आलोक में जिले के आकांक्षी प्रखंड आंदर में 15 से लेकर 19 नवंबर तक चयनित पंचायत के 31 गांवों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला बाल विकास के संबंध में बताया गया स्कोरकार्ड: बीडीओ
स्थानीय आंदर प्रखंड के बीडीओ कुमार कुणाल ने बताया कि जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता के दिशा निर्देश और मार्ग दर्शन में आकांक्षी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में सामुदायिक स्तर पर कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। आकांक्षी कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत डेवलपमेंट प्लान और पंचायती डेवलपमेंट इंडेक्स के बारे में लोगों को बताया गया कि इसके तहत व्यक्तिगत अधिकार संरक्षण और प्रबंधन का अधिकार ग्रामीणों को प्रदान करती है। पंचायत विकास सूचकांक पीडीआई के संबंध में बताया गया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला बाल विकास सहित कई अन्य विकास सूचकांक पर विशेष रूप से ग्राम सभा में ग्राम पंचायत की स्कोरकार्ड बताया गया। वहीं कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत के स्वास्थ्य समुदाय केंद्र पर एक पेड़ मां के नाम से वृक्षा रोपण किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रम में पीरामल स्वास्थ्य के जिला प्रमुख कुंदन कुमार के अलावा राजेश तिवारी, आनंद सिन्हा, दीक्षा मिश्रा और मनन असोपा ने सराहनीय भूमिका निभाई।
दस पंचायतों में मुख्य रूप से नौ थीम पर कार्यक्रम आयोजित: जिला प्रमुख
पीरामल स्वास्थ्य के जिला प्रमुख कुंदन कुमार ने बताया कि आकांक्षी प्रखंड आंदर के दस पंचायत यथा- खेढाय, अर्कपुर, सहसराव, असांव, मानपुर पटेढी, पतार, जैजोर, जमालपुर, भवराजपुर और बलिया पंचायत के 31 गांवों के संबंधित पंचायत के मुखिया द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी और उनके द्वारा किए गए कार्यों को विस्तार पूर्वक जानकारी देने के साथ ही नशा मुक्त और स्वस्थ रहने के लिए शपथ ग्रहण कर एक पेड़ मां के नाम और प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कराया गया। मुख्य रूप से गरीबी, स्वास्थ्य, बाल और महिला हितैषी पंचायत, जल संग्रहण, स्वच्छ और हरित पंचायत, आत्म निर्भर पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं से संपन्न पंचायत करने को लेकर विशेष प्रशिक्षण के साथ साथ इसे अगले वितीय वर्ष में लागू करने के लिए GPDP के माधयम से उपरोक्त सभी थीम को संकल्प ले कर इस पर पंचायतो में कार्य करने के लिए मुख्य रूप से विशेष अभियान चलाया गया।