हिन्दी महिला समिति में सखियों का स्नेह मिलन, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दिवाली मिलन समारोह में गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन, विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
नागपुर (महाराष्ट्र): हिन्दी महिला समिति और अखिल भारतीय ब्राह्मण महिला जागृति मंच के संयुक्त तत्वावधान में दिवाली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। तनिष्क ज्वेलर्स के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. श्रद्धा भारद्वाज के आतिथ्य में श्रीमती रति चौबे की अध्यक्षता में हुआ। उपाध्यक्ष रेखा पाण्डेय और कार्याध्यक्ष डॉ. चित्रा तूर ने कार्यक्रम का संयोजन किया, जबकि कोषाध्यक्ष ममता विश्वकर्मा ने आयोजन में सहयोग दिया।
रेखा तिवारी ने लक्ष्मी वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सखियों ने गीत, संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया। मैं हूं रूप सुन्दरी प्रतियोगिता में अनीता गायकवाड़ ने प्रथम, संतोष बुधराजा ने द्वितीय और रेखा दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में रेखा तिवारी और मीना खुरसवार को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार मिला। रश्मि मिश्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि उमा हरगन और संतोष बुधराजा को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रद्धा भारद्वाज ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सखियों को नृत्य के गुर भी सिखाए। अध्यक्षीय संबोधन में रति चौबे ने समिति की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, अखिल भारतीय ब्राह्मण महिला जागृति मंच की अध्यक्ष रेखा चतुर्वेदी ने अपने संबोधन से कार्यक्रम में आत्मीयता का रंग भर दिया।
उपाध्यक्ष रेखा पाण्डेय और समिति की सचिव रश्मि मिश्रा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह के दौरान समिति की संस्थापिका श्रीमती प्रमिला चौबे और समीर त्रिपाठी के दुखद निधन पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अंत में कोषाध्यक्ष ममता विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में उमा हरगन, संतोष बुधराजा, रेखा तिवारी, हेमलता मिश्रा मानवी, अनीता गायकवाड़, रचना चतुर्वेदी, मीना खुरसवार, सोमा मजुमदार, रेखा दुबे, अंजू पाण्डेय, गीता शुक्ला, कल्पना पाण्डेय, अर्चना चौरसिया, आशा मालवीय, मोना गेडाम, प्रीति लखोटे, राखी और सुशीला सहित कई सखियां उपस्थित रहीं। आयोजन में तनिष्क ज्वेलर्स की सखियों का विशेष सहयोग रहा।

