महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भारी भीड़! जलाभिषेक कर मनोकामना पूर्ति की हुई याचना!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर माँझी तथा दाउदपुर थाना क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ी तथा हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर ईश्वर से अपनी मनोकामना पूर्ति की याचना की। महाशिवरात्रि के मद्देनजर माँझी के प्रसिद्ध रामघाट पर भारी भीड़ उमड़ी तथा श्रद्धालुओं ने रामेश्वरम मन्दिर में जलाभिषेक किया।
उधर माँझी दक्षिण टोला स्थित प्रसिद्ध मद्धेश्वर नाथ मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ उमड़ी। उक्त अवसर पर मन्दिर परिसर में 24 घण्टे का अखण्ड अष्टयाम आयोजित किया गया। माँझी के महुई शिवालय परिसर में भी स्थानीय समाजसेवी संजय सिंह के संयोजकत्व में 24 घण्टे का अखण्ड अष्टयाम आयोजित किया गया।
उधर दाउदपुर थाना क्षेत्र के गोबरहीं गाँव स्थित शिव शक्ति धाम परिसर में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी तथा श्री रुद्र महायज्ञ के अंतिम दिन आयोजित भंडारा में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत किया तथा नव निर्मित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। यज्ञ की पुर्णाहुति के अवसर पर मन्दिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। अप्रत्याशित भीड़ की वजह से मन्दिर तक पहुँचने वाले सभी मार्गों पर पूरे दिन जाम की समस्या से लोग जूझते रहे। यज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर उत्तर प्रदेश के हरदोई से पधारीं साध्वी प्रज्ञा भारती उर्फ पँछी देवी को आयोजक मंडल के सदस्य विजय सिंह, अजय सिंह, देवेन्द्र सिंह, राम नारायण सिंह, सुनील सिंह, अवधेश सिंह धर्मेन्द्र सिंह समाज तथा भरत सिंह आदि ने ससम्मान विदा किया। उधर घोरहट में नव निर्मित शिव मंदिर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने जलाभिषेक किया तथा प्रतिष्ठात्मक रुद्र महायज्ञ में सम्मिलित हुए। महाशिवरात्रि के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन पूरे दिन एलर्ट मोड़ में रहा।