अनशन के नौवें दिन उच्च शिक्षा मंत्री से मिला छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, मांगों पर सकारात्मक वार्ता
पटना, 12 अगस्त 2026
उम्र सीमा बढ़ाने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन अनशन के नौवें दिन आंदोलनरत अभ्यर्थियों को सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने का दावा किया गया है। बुधवार को जदयू के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ. संजीव कुमार सिंह और डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव धरनास्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों की उम्र सीमा सहित सभी मांगों का समर्थन किया। दोनों नेताओं ने बताया कि उन्होंने इस विषय को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से बातचीत की है तथा सरकार मांगों को लेकर गंभीर है।
विधान पार्षदों के सुझाव पर छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. बिनय कुमार उपाध्याय, अजय यादव, डॉ. आसिफ अली, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. उमेश कुमार और डॉ. मोनू कुमार शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष उम्र सीमा में वृद्धि सहित सभी छह मांगों और अभ्यर्थियों की विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा।
बताया गया कि उच्च शिक्षा मंत्री के साथ करीब एक घंटे तक गंभीर और तथ्यपूर्ण वार्ता हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार की ओर से रखे गए विभिन्न तर्कों का तथ्यों एवं तार्किक आधार पर जवाब देते हुए मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और सकारात्मक समाधान निकालने की अपील की। वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अभ्यर्थियों की समस्याओं तथा आंदोलन के कारणों को भी मजबूती से रखा।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि जल्द ही कैबिनेट की बैठक होने वाली है। कैबिनेट बैठक के बाद वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की मांगों और मौजूदा स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री से स्वयं मिलकर अपनी मांगों को रखने की बात भी कही।
सरकार के साथ संवाद का रास्ता खुला
आंदोलनकारियों ने कहा कि नौवें दिन हुई घटनाओं से सरकार के साथ संवाद का रास्ता खुला है। धरनास्थल पर जनप्रतिनिधियों का पहुंचना, मांगों का समर्थन करना और उच्च शिक्षा मंत्री के साथ छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की विस्तृत वार्ता को आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण और सकारात्मक संकेत बताया गया है।
हालांकि, अभी सरकार की ओर से मांगों पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। आंदोलनकारियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार अभ्यर्थियों की न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि अनशन का नौवां दिन पूरा हो गया है, लेकिन संघर्ष जारी है और उम्मीद कायम है।
आंदोलनकारियों ने यह भी बताया कि मांगों के समर्थन में 16 अगस्त को लोकभवन घेराव की तैयारी की जा रही है। सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं आने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
उच्च शिक्षा मंत्री, अनिश्चितकालीन अनशन, उम्र सीमा वृद्धि, छह सूत्री मांग, बिहार शिक्षक अभ्यर्थी, संजय सिंह टाइगर, डॉ संजीव कुमार सिंह, डॉ वीरेंद्र नारायण यादव, पटना आंदोलन, लोकभवन घेराव 16 अगस्त

