दारौंदा में भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की प्रखंड इकाई गठित, सुदन जी यादव बने अध्यक्ष
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव दारौंदा प्रखंड के एक निजी विद्यालय में रविवार को भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोजपुरी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा भोजपुरी के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर उपस्थित लोगों ने अपने विचार रखे। इस दौरान सर्वसम्मति से भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की दारौंदा प्रखंड इकाई के गठन का निर्णय लिया गया।
जिला अध्यक्ष चुनीलाल चौधरी, जिला इकाई के संरक्षक सुभाष चंद्र कुशवाहा, संयोजक भृगुनाथ प्रसाद और कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह की उपस्थिति में तथा जिला मंत्री अशोक कुमार सिंह की देखरेख में प्रखंड संगठन का गठन किया गया। संगठन के विस्तार के तहत चुनीलाल चौधरी को प्रखंड संरक्षक, सुदन जी यादव को प्रखंड अध्यक्ष, नंदकिशोर प्रसाद एवं गौतम महतो को उपाध्यक्ष तथा अवधेश शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं मार्गदर्शन मंडल में मैनेजर बैठा एवं रामाश्रय यादव को शामिल किया गया, जबकि राजीव कुमार भारती को प्रखंड मीडिया प्रभारी बनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के चयन के बाद संगठन को मजबूत बनाने और भोजपुरी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक के समापन पर प्रखंड अध्यक्ष सुदन जी यादव ने कहा कि भोजपुरी भाषा हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण, संवर्धन और जनजागरण के लिए संगठन की प्रखंड इकाई सक्रिय रूप से कार्य करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने तथा भोजपुरी भाषा के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने का आह्वान किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
दारौंदा भोजपुरी पुनर्जागरण मंच, भोजपुरी भाषा संरक्षण, भोजपुरी संस्कृति, सुदन जी यादव, भोजपुरी संगठन, सीवान समाचार, दारौंदा समाचार

